फारबिसगंज कॉलेज में एक दर्जन प्राध्यापकों की हुई नियुक्ति

 


अररिया 05 फरवरी(हि.स.)। पूर्णिया विश्वविद्यालय पूर्णिया की ओर से फारबिसगंज कॉलेज में विश्वविद्यालय सेवा आयोग से राजनीति विज्ञान में चयनित एक प्राध्यापक समेत 11 गेस्ट लेक्चरर की नियुक्ति की गई।नियुक्त हुए गेस्ट लेक्चरर में 11 में से 9 सहायक प्राध्यापकों ने गुरुवार को फारबिसगंज कॉलेज में प्रिंसिपल डॉ अवधेश कुमार यादव के समक्ष योगदान दिया। जिसमें इतिहास विषय के एक,राजनीति विज्ञान में दो,मनोविज्ञान में एक,रसायन विज्ञान में एक,वाणिज्य में एक एवं हिन्दी में एक सहायक प्राध्यापकों ने अपना योगदान दिया।जानकारी प्रिंसिपल डॉ अवधेश कुमार यादव ने दी।

जानकारी देते हुए डॉ अवधेश कुमार यादव ने बताया कि सहायक प्राध्यापकों के योगदान से कॉलेज में नए शैक्षणिक वातावरण का माहौल बेहतर बनेगा और अब सभी विषयों की नियमित तौर पर पढ़ाई होगी।रिक्त पड़े पद पर सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति को लेकर उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति के प्रति आभार व्यक्त किया एवं महाविद्यालय में सभी छात्र छात्राओं के लिए 75 फीसदी उपस्थिति को अनिवार्य बताते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों को कॉलेज पढ़ने के लिए भेजने का अनुरोध किया।

प्रिंसिपल डॉ अवधेश कुमार यादव ने बताया कि आगामी 2026-27 के नए सत्र में कॉलेज में वोकेशनल कोर्स के तहत बीबीए,बीसीए के साथ स्नातकोत्तर में पीजी की पढ़ाई विभिन्न विषयों के साथ शुरू होगी। इसके अतिरिक्त फारबिसगंज कॉलेज में विश्वविद्यालय के कॉलेजों में एकमात्र पहली बार लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई शुरू होने जा रही है।उन्होंने बताया कि कॉलेज परिसर और नियमित वर्ग संचालन को लेकर असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने को लेकर पूरा परिसर और क्लास सीसीटीवी से लैस होगा।उन्होंने बताया कि कॉलेज में शैक्षणिक माहौल के सुधार को लेकर नियमित तौर पर नए प्रयास जारी है,जिसका प्रतिफल शीघ्र देखने को मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर