सारण के अशोक कुमार ने सैंड आर्ट से दी बरगी डैम हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि

 








सारण, 02 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे की सबसे हृदयविदारक तस्वीर जिसमें एक मां ने अपने 4 साल के मासूम बेटे को बचाने के लिए उसे आखिरी सांस तक सीने से लगाए रखा छपरा के सुदर्शन पटनायक कहे जाने वाले मशहूर सैंड आर्टिस्ट वाले अशोक कुमार ने इस मार्मिक दृश्य को रेत पर उकेर कर मृतकों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

शहर के साधनापुरी मोहल्ले स्थित कला पंक्ति सेंटर पर बनी सबसे बड़ी योद्धा माँ शीर्षक वाली इस सैंड आर्ट में दिखाया गया है कि कैसे काल के गाल में समाते वक्त भी मां का प्रेम मौत से नहीं हारा। अशोक कुमार ने बताया कि शव मिलने के दौरान मां-बेटे की जो स्थिति थी, उसे कलाकृति का रूप देते समय उनकी उंगलियां कांप रही थीं। उन्होंने कहा एक कलाकार के रूप में मैं अपनी कला के माध्यम से ही उन आत्माओं को नमन कर सकता हूं यह दृश्य ममता की पराकाष्ठा है। अशोक कुमार केवल एक कलाकार ही नहीं, बल्कि एक जांबाज इंसान भी हैं।

सरयू तट पर कलाकृतियां उकेरने वाले अशोक एक कुशल तैराक और गोताखोर हैं, जो अब तक अपनी जान पर खेलकर लगभग 43 लोगों को डूबने से बचा चुके हैं। उनकी इसी बहादुरी के कारण जिला प्रशासन भी अक्सर उनकी मदद लेता है। वर्तमान में वे अपनी कला पंक्ति सेंटर के माध्यम से नई पीढ़ी को सैंड आर्ट और मूर्तिकला के गुर सिखा रहे हैं। जबलपुर हादसे को समर्पित उनकी इस कलाकृति को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार