कलाकारों का मंच के जरिए नवोदित प्रतिभाओं को मिला सशक्त मंच

 




पूर्णिया, 01 जून (हि.स.)। कला भवन नाट्य विभाग द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले मासिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत रविवार को ‘कलाकारों का मंच’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहर एवं आसपास के नवोदित और स्थापित कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए सशक्त मंच उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. डी. राम, डॉ. निरुपमा राय, अमृता वर्मा, जयवर्धन सिंह, वर्णाली मुखर्जी, विश्वजीत कुमार सिंह, कुंदन कुमार सिंह, अजीत कुमार सिंह एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कला भवन नाट्य विभाग लगातार नवोदित कलाकारों को मंच देकर उन्हें आगे बढ़ाने का काम कर रहा है। डॉ. डी. राम ने कहा कि विश्वजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में नाट्य विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है, वहीं डॉ. निरुपमा राय और अमृता वर्मा ने इस पहल को कलाकारों के लिए प्रेरणादायी बताया। जयवर्धन सिंह ने इसे डॉ. लक्ष्मी नारायण सुधांशु के सपनों को साकार करने वाला प्रयास बताया।

कार्यक्रम संयोजक विश्वजीत कुमार सिंह ने कहा कि यह मंच ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के कलाकारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में कार्य कर रहा है। नाट्य निर्देशक कुंदन कुमार सिंह ने कलाकारों से नियमित भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यह मंच सभी कलाकारों के लिए खुला है और उन्हें निरंतर प्रस्तुति का अवसर देगा।

मासिक कार्यक्रम के तहत नृत्यालय नृत्य अकादमी पूर्णिया के कलाकारों ने नृत्य निर्देशक त्रिदीप शील के नेतृत्व में बाउल लोक नृत्य, पूर्वी लोक नृत्य, चैती लोक नृत्य, कथक, झूमर, कजरी, ग़ज़ल और भजन सहित कई आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी कलाकारों और नृत्यालय नृत्य अकादमी पूर्णिया को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विश्वजीत कुमार सिंह, कुंदन कुमार सिंह, अंजनी श्रीवास्तव, चंदन कुमार, राज रोशन, गरिमा कुमारी, मिहिका भौमिक, अदिति कुमारी सहित नाट्य विभाग के सभी कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही घोषणा की गई कि ‘कलाकारों का मंच’ अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह