एलपीजी गैस की उपलब्धता पर्याप्त, आपूर्ति मांग से अधिक: जिलाधिकारी

 


अररिया 17 मार्च(हि.स.)। समाहरणालय स्थित परमान सभागार में डीएम विनोद दूहन ने एलपीजी गैस की उपलब्धता, आपूर्ति और मांग को लेकर मीडिया प्रतिनिधियों के साथ मंगलवार को बात की।

जिलाधिकारी ने कहा कि अररिया जिले में कुल 55 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और वर्तमान में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 18,288 गैस सिलेंडर का स्टॉक मौजूद है, जबकि पेंडिंग बुकिंग 16,878 है। उन्होंने कहा कि गैस की आपूर्ति जिले में मांग से अधिक है। घरेलू और व्यावसायिक दोनों प्रकार के सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है, इसलिए आम जनता को घबराने या पैनिक होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यदि कोई कालाबाजारी करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। जहां भी भीड़ की स्थिति बनती है, वहां मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। वर्तमान में किसी भी गैस एजेंसी पर भीड़ नहीं है।

उन्होंने यह भी बताया कि जिले के अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों में गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों। रसोई गैस से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06453-222309 है। यह नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं मार्केटिंग ऑफिसर्स लगातार क्षेत्र में रहकर गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर