तीन किशोरियों की तालाब में डूबने से मौत
अररिया 04 जून(हि.स.)।
जिले के भरगामा प्रखंड अंतर्गत खजुरी पंचायत के बलुआही टोला वार्ड संख्या-4 में एक तालाब में नहाने के दौरान तीन किशोरियों की डूबकर मौत हो गई। यह घटना गुरुवार 3 बजे के दोपहर की बताई जाती है। मृतक किशोरियों की उम्र 13 से 14 वर्ष के बीच है।
मृतक किशोरियों की पहचान खजुरी पंचायत के बलुआही टोला निवासी उपेंद्र ऋषिदेव की पुत्री 13 वर्षीया रनिया कुमारी, फूलचंद ऋषिदेव की 14 साल की पुत्री अंजली कुमारी और राजू ऋषिदेव की पुत्री 14 वर्षीया काजल कुमारी के रूप में हुई है। तीनों महादलित बस्ती की रहने वाली थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों बच्चियां दोपहर में जलावन चुनने गई हुई थीं। अत्यधिक गर्मी के कारण वे पास के पोखर में नहाने चली गईं। नहाते समय अचानक गहरे पानी में चली जाने के कारण तीनों डूब गईं। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों किशोरियों के शवों को श बाहर निकाला। इस दौरान मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे इलाके में मातम का माहौल छा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।
परिजनों ने बताया कि बच्चियां रोज की तरह जलावन इकट्ठा करने गई थीं। गर्मी से परेशान होकर उन्होंने पोखर में नहाने का फैसला लिया, लेकिन पोखर के गहरे पानी के बारे में उन्हें जानकारी नहीं थी। इस घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर