अपराध की साजिश नाकाम, गुठनी पुलिस ने कट्टा-कारतूस के साथ बदमाश को दबोचा
सीवान, 06 अगस्त (हि.स.)। सीवान जिले के गुठनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक घटना की आशंका को विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चिमनी भट्ठा के पास छापेमारी कर एक युवक को देशी कट्टा, कारतूस और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।
एसपी पूरन कुमार झा के अनुसार गुठनी थाना को सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के एकडगा गांव निवासी मुकेश यादव किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से मोटरसाइकिल से डरैला मार्ग होते हुए आ रहा है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चिमनी भट्ठा के समीप घेराबंदी कर छापेमारी की।
पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए एवं 26 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2022, 2023, 2024 और 2026 में गुठनी थाना में आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma