अवैध हथियार खरीद बिक्री में मुख्य आरोपित फरार, दो नाबालिग गिरफ्तार

 

बक्सर, 28 मार्च (हि.स.)। चौसा (बक्सर) के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पवनी गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को खबर मिली थी कि इलाके में अवैध हथियारों का लेन-देन हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और घेराबंदी कर दो किशोरों को पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा और एक देसी पिस्तौल बरामद किया। हालांकि, इस गिरोह का मुख्य आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

थाना प्रभारी शंभू भगत ने बताया कि पकड़े गए नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा