किशनगंज की अरफा समरीन ने नीट में हासिल की ऑल इंडिया रैंक 8431
किशनगंज, 19 जुलाई (हि.स.)।किशनगंज की बेटी अरफा समरीन ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में ऑल इंडिया रैंक 8431 हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया है। उनकी सफलता से परिवार सहित जिले में खुशी का माहौल है।
अरफा समरीन के पिता नुरूल इस्लाम और माता नूर अफरोज हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा किशनगंज के सेंट जेवियर्स स्कूल से प्राप्त की। वर्ष 2020 में उन्होंने 10वीं की परीक्षा 94 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। इसके बाद पूर्णिया के एक निजी विद्यालय से 12वीं की परीक्षा 83 प्रतिशत अंकों के साथ पास की। चिकित्सक बनने का सपना लेकर अरफा ने राजस्थान के कोटा स्थित एलएन कोचिंग संस्थान से नीट की तैयारी की। यह उनका तीसरा प्रयास था। पहले प्रयास में उन्हें 580 अंक मिले, जबकि दूसरे प्रयास में 519 अंक प्राप्त हुए। लगातार प्रयासों के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। इस दौरान परिवार ने उनका लगातार उत्साहवर्धन किया।
नीट परीक्षा रद्द होने के बाद उत्पन्न परिस्थितियों ने उनकी तैयारी को प्रभावित किया, लेकिन उन्होंने दोबारा पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ तैयारी शुरू की। री-नीट परीक्षा में उन्होंने 605 अंक हासिल किए, जिसके आधार पर उन्हें ऑल इंडिया रैंक 8431 प्राप्त हुई। अरफा अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और बड़े भाई अशहर अनिक को देती हैं। उनके भाई ने वर्ष 2019 में जेईई एडवांस्ड परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जिससे उन्हें निरंतर प्रेरणा और मार्गदर्शन मिलता रहा। अरफा ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी यदि धैर्य और मेहनत बनाए रखी जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उनका सपना न्यूरो सर्जन बनकर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देना और जरूरतमंद मरीजों की मदद करना है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह