बैंकों,वित्तीय संस्थानों के साथ स्वर्णाभूषण की दुकानों में सुरक्षा की जांच

 


अररिया 06 मार्च(हि.स.)। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने शुक्रवार को शहर स्थित राष्ट्रीयकृत बैंकों,वित्तीय संस्थानों और स्वर्णाभूषण की दुकानों की सुरक्षा की जांच की।सदर एसडीपीओ ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैंकों में मौजूद सीसीटीवी कैमरा,अलार्म व्यवस्था के साथ सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी और एजेंसी के सुरक्षाकर्मियों की कार्य प्रणाली को जान कर सुरक्षात्मक उपाय को लेकर कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए।बैंकों के अंदर और बाहर निकास वाले स्थान के साथ सड़क के बाहर के सीसीटीवी कैमरा का मुआयना किया।

सुरक्षा को लेकर बैंक और वित्तीय संस्थानों के प्रबंधक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।जिन संस्थानों ने सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाया है,उन्हें सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया।इसके अलावे सदर एसडीपीओ ने स्वर्णाभूषण की दुकानों में भी सुरक्षा की जानकारी ली।दुकानों में पहुंचकर दुकानदार की ओर से अपनाए गए सुरक्षात्मक उपाय को नजदीक से देखा और कमी पाए जाने पर सुरक्षा को लेकर कई निर्देश दिए।स्वर्णाभूषण की दुकानों के बाहर की गतिविधियों पर नजर रखने की हिदायत दी गई और किसी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि पर पुलिस को सूचना देने को निर्देशित किया गया।

सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि शहर में पूर्व में वित्तीय संस्थानों और स्वर्णाभूषण की दुकानों को बदमाशों के द्वारा टारगेट किया गया है,जिसके सुरक्षा को लेकर उन्होंने जानकारी ली और सुरक्षात्मक उपाय का अवलोकन किया।कमियां पाए जाने पर उसे दूर करने को लेकर वित्तीय संस्थानों के प्रबंधक और स्वर्णाभूषण दुकान के संचालकों को निर्देश दिया गया है।एसपी जितेन्द्र कुमार के निर्देश पर बैंक,वित्तीय संस्थानों और स्वर्णाभूषण दुकानों के सुरक्षा की जांच की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर