एसपी जितेंद्र कुमार ने फारबिसगंज थाना का किया निरीक्षण
अररिया 04 जून(हि.स.)।
एसपी जितेंद्र कुमार ने गुरुवार को फारबिसगंज थाना का औचक निरीक्षण किया।
एसपी ने थाना में संधारित विभिन्न पंजियों, अभिलेखों एवं अनुसंधान से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, वारंटों के तामिला, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा साइबर अपराध से जुड़े मामलों में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, हाजत, रिकॉर्ड रूम तथा पुलिस कर्मियों की उपस्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि थाना आने वाले आमलोगों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा नशा तस्करी, अवैध कारोबार एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में एसपी ने पुलिस अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग, त्वरित अनुसंधान तथा जनविश्वास बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उनके औचक निरीक्षण से थाना कर्मियों में सक्रियता देखी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर