लाइफलाइन एक्सप्रेस हॉस्पिटल ट्रेन में 9 मार्च से 29 मार्च तक होगा गंभीर बीमारियों का इलाज

 


अररिया,02 मार्च(हि.स.)।

जिले के सिमराहा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर 9 मार्च से 29 मार्च तक लाइफलाइन एक्सप्रेस हॉस्पिटल ट्रेन के माध्यम से मरीजों का गंभीर बीमारियों का मुफ्त इलाज,ऑपरेशन के साथ दवाइयां और उपकरण दिए जाएंगे।

इंपैक्ट इंडिया फाउंडेशन,भारतीय रेल,जिला प्रशासन और इंपैक्ट यूके के सामूहिक सहयोग से विश्व का चलता फिरता मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल ट्रेन लाइफलाइन एक्सप्रेस ट्रेन में यह निःशुल्क स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।21 दिवसीय इस कार्यक्रम में निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को मुहैया कराई जाएगी।

भारतीय रेल और इंपैक्ट इंडिया फाउंडेशन की ओर से आयोजन को लेकर एक प्रेस रिलीज की गई है।जिसमें जानकारी दी गई है कि 9 से 14 मार्च आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन के साथ जरूरतमंदों को चिकित्सीय परामर्श के अनुसार मुफ्त चश्मा प्रदान किया जाएगा।साथ ही 9 से 14 मार्च के बीच स्त्री रोग परामर्श के साथ मुफ्त दवा वितरण एवं गर्भाशय कैंसर की जांच की जाएगी।जबकि 15 से 19 मार्च तक कानों की जांच,ऑपरेशन और सुनने वाली मशीन चिकित्सीय परामर्श के अनुसार प्रदान की जाएगी।

20 से 23 मार्च प्लास्टिक सर्जरी जांच और ऑपरेशन के साथ पीडियाट्रिक आर्थोपेडिक जांच और उपकरण जरूरतमंदों को प्रदान किया जाएगा।जबकि 24 से 29 मार्च तक दंत संबंधित रोगों को लेकर चिकित्सीय परामर्श के साथ दांत निकालना, दांत की भराई और सफाई निःशुल्क की जाएगी।सभी बीमारियों का इलाज उच्च स्तरीय चिकित्सकों की टीम के द्वारा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर