सिकटी में अवैध रूप से चल रहे दो आरा मिलों पर चला बुलडोजर

 


अररिया 28 सितम्बर(हि.स.)। जिले के सिकटी प्रखंड में वन विभाग की ओर से अवैध रूप से चल रहे आरा मिलों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बरदाहा और कॉलेज चौक बरदाहा में चल रही दो आरा मिलों पर बुलडोजर चलाकर उसे जमींदोज किया गया और मशीनें हटाई गई।

अररिया से पहुंची बन विभाग की टीम मशीनों को अपने साथ ले गई। इस दौरान वनों के क्षेत्र अधिकारी दिनेश प्रसाद यादव, श्वेता भारती और उप परिसर पदाधिकारी विपिन कुमार मौजूद थे। सुरक्षा और विधि व्यवस्था को लेकर पुलिस और एसएसबी के जवान भी मौके पर लगाया गया था।अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

गैरकानूनी आरा मिल चलाने वालों में भी डर फैल गया। बरदाहा स्थित आरा मिल के संचालक बिनोद शर्मा और नरेश शर्मा बताए गए हैं।

वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जांच के बाद दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। वनों के क्षेत्र अधिकारी दिनेश प्रसाद यादव ने बताया कि बिना वैध अनुमति के आरा मिल चलाने वालों पर निगरानी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर