नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के तीन नामजद आरोपित गिरफ्तार

 


अररिया 09 अप्रैल(हि.स.)। सिकटी के पलासमनी में नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में एसपी के द्वारा गठित एसआईटी ने तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया। गुरुवार शाम एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पलासमनी भीड़भिडी वार्ड संख्या तीन के रहने वाले नामजद आरोपित 25 वर्षीय दीपक कुमार पासवान ,30 वर्षीय रामविलास पासवान और 28 वर्षीय तिलानंद पासवान को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

एसपी ने बताया कि 3 अप्रैल को पीड़िता की मां ने सिकटी थाना में आवेदन दिया था,जिसमें पीड़िता की मां द्वारा बताया गया कि 25 मार्च के शाम को पीड़िता के शौच करने के क्रम में चार युवकों के द्वारा मुंह में कपड़ा बांध कर जबरन मकई के खेत में सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था।तिलानंद पासवान द्वारा मोबाइल में घटना का वीडियो भी बनाया गया था और मामले की जानकारी देने पर उसे वायरल कर देने की धमकी दी थी।

एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया था।मामले को लेकर सिकटी थाना में कांड संख्या 03/25 दिनांक 03.04.26. भारा-70/85/3(5) बीएनएस 2023.4/6/13 पॉक्सो एक्ट 2012 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।गठित एसआईटी पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद चार आरोपिताें में से तीन को गिरफ्तार किया,जबकि मामले में एक अन्य आरोपी लालमोहन पासवान फरार है,जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने की बात एसपी ने कही।इन आरोपिताें की गिरफ्तारी नेपाल भारत सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया है।

छापामारी दल में सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार, अपर थानाध्यक्ष कंचन कुमार,एसआई पिंकी कुमारी,सौरभ कुमार,शंकर कुमार एवं डीआईयू की टीम शामिल थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर