सावन माह की अंतिम सोमवारी को जलाभिषेक के लिए उमड़ी शिव भक्तों की भीड़
अररिया 24 अगस्त(हि.स.)। सावन माह की अंतिम सोमवारी को शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए जिले के विभिन्न मंदिरों,देव स्थलों और शिवालयों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।सुबह से ही मंदिरों में शिव भक्तों को कतार लगी रही और भंग धतुरा फूल,बेलपत्र के साथ दूध और गंगा जल से शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
शहर के बाबा खड़गेश्वरनाथधाम शिव मंदिर,ठाकुरबाड़ी स्थित शिवलिंग,मदनपुर स्थित मदनेश्वरनाथ धाम शिव मंदिर,रानीगंज के बसेटी स्थित इन्द्रमतेश्वरनाथ धाम शिव मंदिर, कुर्साकांटा के सुन्दरनाथ धाम शिव मंदिर,फारबिसगंज के बड़ा शिवालय,शंकरपुर के अति प्राचीन शिव मंदिर,जोगबनी के शिव मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों और देवालयों में सुबह से ही पूजा अर्चना के लिए भक्त कतारबद्ध रहे।जिला प्रशासन की ओर से सोमवारी को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
सुन्दरनाथधाम में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के द्वारा शिवलिंग पर जलाभिषेक किए जाने की जानकारी दी गई।मंदिरों में मजिस्ट्रेट के साथ-साथ पुलिस अधिकारी और बलों की तैनाती विधि व्यवस्था संधारण को लेकर की गई। वही मंदिर में व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य भी सुबह से सक्रिय रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर