रेलवे क्वार्टर की चहारदीवारी के गैप बंद करने का स्थानीय लोगों ने किया विरोध
अररिया 01 नवम्बर(हि.स.)।
अररिया आरएस रेलवे स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन रेलवे क्वार्टर की चहारदीवारी के गैप बंद करने के रेलवे प्रशासन के पहल का स्थानीय लोगों ने विरोध किया।
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 3 के लोगों का आरोप है कि इससे उनका पुराना रास्ता बंद हो जाएगा। उन्हें स्टेशन पहुंचने के लिए करीब तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।
रेलवे ने स्टेशन परिसर में कर्मचारियों के रहने के लिए क्वार्टर बनवाया है।बाउंड्री वॉल के छूटे हिस्से को बंद करने का काम चल रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने रास्ता बंद करने का विरोध शुरू कर दिया।
लोगों का कहना था कि आसपास के लोग करीब 50 साल से इस रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं।
रास्ता बंद होने पर मोहल्ले के लोगों को स्टेशन और दूसरी जगहों पर जाने के लिए घूमकर जाना पड़ेगा।
स्थानीय युवक मोहम्मद आरिफ ने कहा कि लोग लंबे समय से इसी रास्ते से स्टेशन और दूसरी जगहों पर आते-जाते रहे हैं।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर रास्ता बंद नहीं करने की मांग की।हंगामे की सूचना पर रेलवे अधिकारी, आरपीएफ के जवान और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंचे।
उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद चारदीवारी का गैप बंद करने का काम फिर शुरू कर दिया गया।
अररिया आरएस स्टेशन मास्टर अशोक कुमार ने बताया कि चाहरदीवारी रेलवे की जमीन पर बनाई जा रही है। निर्माण के दौरान करीब साढ़े तीन फीट जगह छोड़कर घेराबंदी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर