तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने साइकिल सवार दो बच्चों को रौंदा,एक की मौके पर मौत

 


अररिया 22 अप्रैल(हि.स.)। जिले के पलासी के बिहारी गांव के बांस झाड़ी मोड़ पर बुधवार को एक तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने साइकिल सवार दो बच्चों को कुचल दिया।जिसमें एक बालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक बालक की पहचान नरगा गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी बबलू पासवान के इकलौते पुत्र 12 वर्षीय शिवम् कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल बालक नरगा गांव के राजू कुमार का पुत्र 13 वर्षीय अनंत कुमार है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों बालक अपने घर से साइकिल पर सवार होकर स्कूल जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, दोनों बालक नरगा गांव से बिहारी स्थित विद्यालय जा रहे थे। विद्यालय से महज पांच सौ मीटर दूर बांस झाड़ी मोड़ के पास किसान चौक की ओर से आ रहे मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।जिसमें शिवम् कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने अनंत कुमार को तुरंत पूर्णिया भेज दिया। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने बाइक से पीछा कर उसे किसान चौक स्थित ईंट भट्ठे से पकड़ लिया और ट्रैक्टर को जबरन घटनास्थल पर वापस ले आए। ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग करते हुए जाम लगा दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पलासी थाना और जोकीहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया।

जोकीहाट विधानसभा के पूर्व मंत्री व विधायक मो. शहनवाज आलम, सर्किल इंस्पेक्टर दिनेश कुमार, जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव झा, पूर्व मुखिया योगेंद्र मोहन विश्वास, मुखिया बिरेंद्र पासवान सहित कई जिम्मेदार लोगों ने सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और घटना पर शोक व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर