कदाचार मुक्त वातावरण में स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा

 


अररिया, 21 नवम्बर(हि.स.)। पूर्णियां विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-30 की परीक्षा के लिए रानीगंज वाईएनपी डिग्री कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र पर अलसम्स मिल्लिया डिग्री कॉलेज, अररिया तथा एमएलडीपीके यादव डिग्री कॉलेज अररिया के परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

केंद्राधीक्षक सह प्रधानाचार्य डॉ. नूतन आलोक के नेतृत्व में परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा एवं कदाचार मुक्त परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मुख्य प्रवेश द्वार पर ही परीक्षार्थियों की सघन जांच कर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक वॉच, किताब, चिट-पुर्जे सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री रखवा दी गई।

केंद्राधीक्षक डॉ. नूतन आलोक के हवाले से परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि दोनों पालियों में कुल 1355 परीक्षार्थी में सम्मिलित हुए। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न हुई।

परीक्षा के दौरान परीक्षा नियंत्रक डॉ. नूतन आलोक महाविद्यालय कर्मियों के साथ कई बार परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते नजर आए। उन्होंने परीक्षार्थियों को विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों का पालन करते हुए परीक्षा देने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर