सड़क हादसे में गर्भवती महिला की मौत,पति घायल

 


अररिया, 23 अक्टूबर(हि.स.)। जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के बढ़ेपारा पंचायत के चकरदाहा एनएच 27 शमशुल चौक पर सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई,जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतका 20 वर्षीया नाजिया परवीन है। वहीं 23 वर्षीय पति आमिर अली घायल हैं,जिनका प्राथमिक इलाज फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में होने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

दंपती फारबिसगंज में एक निजी डॉक्टर से इलाज कराकर बाइक से घर लौट रहे थे। नरपतगंज एनएच 27 पर शमशुल चौक के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी,जिससे मौके पर ही पत्नी की मौत हो गई और पति जख्मी हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही नरपतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों और परिजन से जानकारी ली। मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

आमिर अली और नाजिया परवीन की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। परिवार में नए मेहमान के आने की उम्मीद के बीच हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

मामले में नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया गया है।मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर