महिला आरक्षण बिल के विरोध का खामियाजा विपक्ष को पड़ेगा भुगतना:प्रदीप सिंह

 


अररिया 27 अप्रैल(हि.स.)।

महिला आरक्षण को लेकर लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम का कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों के द्वारा विरोध किए जाने पर अररिया भाजपा सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों को आड़े हाथ लिया।महिला आरक्षण बिल में कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों के सपोर्ट नहीं करने पर उन्होंने खुले शब्दों कांग्रेस और विपक्ष को खामियाजा भुगतने की बात कही।

सांसद प्रदीप कुमार सिंह फारबिसगंज में सोमवार को भाजपा नेता शम्भू प्रसाद साह द्वारा बिहार में पहली बार भाजपा के मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी के बनने के मौके पर आयोजित जश्न और सहभोज कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे।सांसद ने कहा कि आधी आबादी आज हरेक क्षेत्र में आगे है और किसी भी प्रतियोगात्मक परीक्षा में वह टॉपर बन रही है।चंद्रयान टू पर महिला जा रही है।ऐसे में राजनीतिक भागीदारी से दूर रखने के लिए विपक्षी दलों के विरोध को आधी आबादी समझ गई है और इसका परिणाम चुनाव में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को उठाना होगा।उन्होंने 2023 में पास बिल को प्रभावी बनाने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा कदम उठाए जाने की बात करते हुए कहा कि बिल का पास न होना महिलाओं के साथ जुल्म है।

पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में उन्होंने इस बार कमल के खिलने और भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।उन्होंने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल की परिस्थिति अलग है।बंगाल की जनता ममता दीदी से त्रस्त है।लॉ एंड ऑर्डर और महिलाओं का अपमान बंगाल की शगल बन गई है।यही सब कारण है कि पश्चिम बंगाल का मूड इस बार परिवर्तन के मूड में है।

नेपाल सरकार की ओर से भारतीय क्षेत्र से सौ रूपये से अधिक की खरीददारी को लेकर सांसद ने कहा कि नेपाल का यह आंतरिक मामला है और भारत नेपाल के बीच का जो पौराणिक,धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध है,वह कभी भी टूट नहीं सकता।चाहे कोई कितना भी जोड़ क्यों न लगा ले।

मौके पर भाजपा नेता शम्भू प्रसाद साह ने बताया कि बिहार में एनडीए की सरकार थी,लेकिन भाजपा का मुख्यमंत्री नहीं था और पहली बार सम्राट चौधरी भाजपा से बिहार में मुख्यमंत्री बने हैं और यह गौरव का पल है।उन्होंने कहा कि एनडीए विकसित बिहार बनाने को लेकर संकल्पित है और बिहार का सम्राट सम्राट चौधरी के बनने से भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है।इसी को लेकर जश्न के साथ सहभोज और मिठाइयों का वितरण किया गया।

मौके पर भाजपा के नगर अध्यक्ष बीरेंद्र प्रसाद मिंटू, आदर्श गोयल,विजय प्रकाश,पूर्व नगर अध्यक्ष धीरज पासवान,अररिया विधानसभा प्रभारी रजत कुमार सिंह,जिला महामंत्री राजेंद्र यादव,प्रताप नारायण मंडल,प्रदीप कन्नौजिया,किशुन देव भगत,दीपक शर्मा,नीलिमा साह,विक्रम पासवान,संजय सम्राट,श्रीराम शर्मा,मनोज सोनी,सुनील चौरसिया,लक्ष्मी रंजन,रजत रंजन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर