आंधी एवं बारिश से हुए नुकसान पर सांसद ने जताई संवेदना, प्रशासन को दिए त्वरित राहत के निर्देश
अररिया 21 मार्च(हि.स.)।
शुक्रवार रात को आई तेज आंधी एवं मूसलाधार बारिश के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जान-माल की क्षति एवं किसानों की फसलों के भारी नुकसान पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने संवेदना व्यक्त किया है।
इस प्राकृतिक आपदा पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए सांसद ने सभी पीड़ित परिवारों एवं किसान भाइयों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे हर प्रभावित परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
सांसद ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वेक्षण कर वास्तविक क्षति का सही आकलन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, पीड़ित परिवारों एवं किसानों तक सरकारी राहत सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें इस संकट की घड़ी में राहत मिल सके।
उन्होंने विशेष रूप से किसानों की फसल क्षति के मामलों में शीघ्र मुआवजा प्रदान करने तथा अधिक प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर राहत कार्य संचालित करने का निर्देश दिया है।
सांसद ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार आपदा की इस घड़ी में पूरी तरह संवेदनशील है और हर पीड़ित तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर