सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दिया जलाने की सांसद की अपील

 


अररिया 15 सितम्बर(हि.स.)।

देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के मौके पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने जिलेवासियों से आशीर्वाद का दिया जलाने की अपील की है।

सांसद सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवा शक्ति, किसान हित तथा बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प पर देश की जनता को पूर्ण विश्वास है।

उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि 17 सितंबर को शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों में आशीर्वाद का दिया जलाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत बनाने का सपना केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है। सेवा, समर्पण और सहभागिता की भावना के साथ हम सभी मिलकर इस संकल्प को साकार करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर