आंधी तूफान और बेमौसम बारिश ने मचाई भारी तबाही

 


अररिया 26 अप्रैल(हि.स.)।अररिया के शहरी और ग्रामीण इलाकों में बीती देर रात और रविवार दोपहर तेज आंधी तूफान के साथ बेमौसम बारिश ने भारी तबाही मचाई।ग्रामीण इलाकों में तेज आंधी और तूफान के कारण दर्जनों घरों के छप्पर उजड़ गए और छत का टिन कई मीटर दूर जा गिरा। तेज हवाओं के कारण लोगों का घर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं,जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है।

तेज हवा और मेघ गर्जन के साथ बारिश के कारण कई स्थानों पर जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।वहीं सड़कों पर कीचड़ पसर जाने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।बेमौसम बारिश के कारण किसानों को किसानी में भारी नुकसान उठाना पड़ा है।खासकर सब्जी उत्पादन करने वाले किसानों को।बेमौसम बारिश के कारण खेत में लगे मूंग, तिल, मूंगफली, भिंडी, लौकी, करेला, तोरई, खीरा जैसी सब्जी के फसल को काफी नुकसान हुआ।वहीं घरों के छप्पर उजड़ जाने के कारण खुले आसमान के नीचे लोग रहने को विवश हैं।

बेलई पोठिया के किसान प्रो.कृष्णानंद ठाकुर का कहना है कि इस साल आम का फसल वैसे भी अन्य वर्षों की तुलना में कम पैदावार था,लेकिन तेज आंधी और तूफान के कारण पेड़ में लगे आम गिर गए हैं।जिसके कारण आम के उत्पादक किसानों को काफी नुकसान हुआ है।इसके अलावे सब्जी उत्पादक किसानों को भी काफी क्षति हुई है।खेत में फसल बर्बाद और रहने वाले घर का छप्पर बर्बाद,किसान और मध्यम एवं निम्न वर्ग के लोगों का जीवन आंधी तूफान कहर बनकर आया है।मनीष पांडेय,राजन सिंह, रोबिन सिंह आदि ने भी बेमौसम आंधी तूफान के कारण फसल क्षति नुकसान होने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर