पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर लोन मेला का आयोजन
अररिया 16 अप्रैल(हि.स.)।समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल अधिष्ठापन हेतु गुरुवार को लोन मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीडीसी रोजी कुमारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्युत कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता फारबिसगंज राजेश प्रियदर्शी, वरीय उप समाहर्ता चंद्रशेखर यादव एवं एलडीएम इंदु शेखर सहित बिजली विभाग के सभी सहायक एवं कनीय अभियंता उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न बैंकों के पदाधिकारियों ने भी मेले में भाग लिया।
मेले के दौरान बैंकों के प्रतिनिधियों द्वारा योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराए जा रहे लोन की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को 6 प्रतिशत से भी कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग सोलर ऊर्जा को अपनाने के लिए प्रेरित हों।
विद्युत कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि इच्छुक घरेलू उपभोक्ता पीएम सूर्य पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया में वेंडर चयन के बाद पीएम जन समर्थ पोर्टल के माध्यम से लोन के लिए आवेदन करने का विकल्प भी उपलब्ध है।
लोन मेले में पूर्व में अस्वीकृत आवेदनों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अभ्यर्थियों से आवश्यक कागजात प्राप्त कर पुनः लोन स्वीकृति हेतु निर्देशित किया गया।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सरकार द्वारा सोलर पैनल अधिष्ठापन पर आकर्षक सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है। योजना के अनुसार 1 किलोवाट के सोलर पैनल पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।
इस पहल से न केवल उपभोक्ताओं को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर