धनतेरस पर बाजार में जमकर हुई धन की वर्षा, सड़काें पर दिनभर लगा रहा जाम
अररिया, 06 नवम्बर(हि.स.)। अररिया सहित शहरी और ग्रामीण इलाकों में धनतेरस पर खरीददारों ने जमकर समानों की खरीददारी की। देर रात तक बर्तन,स्वर्णाभूषण की जमकर खरीदारी हुई ही, इलक्ट्रॉनिक सामानों की भी लोगों ने जमकर खरीददारी की।फलस्वरूप शहर में जाम की स्थिति बनी रही।जिला में धनतेरस पर तीन सौ करोड़ के व्यवसाय होने का अनुमान है।
धनतेरस पर शुक्रवार को सुबह से ही बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। बाजार में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भीड़ देखी गई। दूसरी ओर दुकानदारों में भी धनतेरस को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। धनतेरस के दिन जैसे ही सूरज ढलने लगा,वैसे ही बाजार में लोगों की तादाद भी बढ़ने लगा।
लोगों का कहना है कि पिछले साल की अपेक्षा इस बार बर्तनों के भाव में सस्ते रहे। वहीं दुकानदार गजेंद्र,अमित दीपक, विजय, मनोज ने कहा कि दुकानों में चम्मच से लेकर सभी प्रकार के बर्तनों के नए डिजाइन उपलब्ध है।धनतेरस को लेकर धातु के बर्तन को भी बहुतायत मात्रा में मंगाया गया है।जिसको लेकर ग्राहक उत्साहित हैं।
धनतेरस के दिन खरीददारी करना शुभ माना जाता है। इस त्यौहार पर कोई कार की खरीददारी कर रहा हैं, तो कोई बाइक की। बाइक के शोरूम में खरीददारों की काफी भीड़ देखी गई। टीवीएस शोरूम के बिपिन चौधरी और विनीत चौधरी ने बताया की टीवीएस में अच्छी बिक्री रही।
वही जेएम मोटर्स हीरो के अमित शर्मा ने बताया कि धनतेरस को लेकर पहले से ही गाड़ी की बुकिंग रही,जिसकी डिलीवरी दिनभर होती रही।वहीं प्रकाश बजाज के विजय प्रकाश एवं होंडा के प्रोपराइटर कुमार अभिषेक ने बताया इस बार बाइक बिक्री ठीक रही।अनुमान लगाया जा रहा है की टीवीएस, होंडा, बजाज, हीरो की करोड़ों की बिक्री रही।
बाजारों में लोगों की दिनभर आवाजाही के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। हालांकि पुलिस जाम की समस्या को निजात दिलाने के लिए प्रयासरत दिखी। सुबह से शाम व देर रात तक होती खरीददारी के कारण इस प्रकार की स्थिति यहां बन रही है। वहीं प्रतिष्ठानों पर लोगों की खास भीड़ देखने को मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर