मदनपुर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं का हुआ प्रशिक्षण

 


अररिया 04 अप्रैल(हि.स.)। भाजपा की ओर से संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत भाजपा कार्यालय में शनिवार को मदनपुर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं का एकदिवसीय प्रशिक्षण हुआ।कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, वैचारिक आधार, अनुशासन एवं जनसंपर्क के विविध आयामों पर सशक्त एवं प्रशिक्षित करना था।प्रशिक्षण सत्र के दौरान कार्यकर्ताओं को पार्टी की मूल विचारधारा, राष्ट्रवाद के प्रति प्रतिबद्धता, सेवा भाव तथा संगठन विस्तार के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही, जमीनी स्तर पर संगठन को सुदृढ़ करने एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ता हैं, जो निरंतर समाज के बीच रहकर सेवा और संगठन का कार्य करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़ करने के साथ-साथ संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन के लिए सक्षम बनाते हैं।

प्रशिक्षण सत्र में जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, विधानसभा संयोजक विकाश कुमार, जिला मंत्री कनकलता झा एवं जिला कार्यालय मंत्री नीरज कुमार ने भी अपने-अपने विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, प्रभावी जनसंपर्क, मीडिया प्रबंधन, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर