एसएसबी और जोगबनी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 108 किलो गांजा के साथ लावारिस टोयोटा कार बरामद

 


अररिया 05 नवम्बर(हि.स.)।एसएसबी 56वीं वाहिनी के अंतर्गत बाह्य सीमा चौकी जोगबनी और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत-नेपाल सीमा के पास से 108 किलो गांजा और एक टोयोटा कार संख्या बीआर 33 पीए 9038 को जब्त किया।इस बात की पुष्टि गुरुवार को द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता द्वारा भी की गई है।

एसएसबी 56 वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार सुबह करीबन नौ बजे सूचना मिली कि मीरगंज-कोचगामा रोड स्थित मीरगंज पुलिया के पास सीमा स्तंभ संख्या 179/02 के निकट एक टोयोटा गाड़ी पलटी हुई है और उस गाड़ी में मादक पदार्थ है।

सूचना पर एसएसबी के साथ जोगबनी थाना पुलिस ने लावारिस अवस्था में पलटी चार पहिया वाहन टोयोटा की जांच की।जांच के दौरान वाहन के अंदर से 108 किलो गांजा बरामद हुआ। मादक पदार्थ की पुष्टि के लिए जांच किट का उपयोग किया गया।

जब्ती की गई मादक पदार्थ और जब्त वाहन को जोगबनी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर