शादी की खुशियां मातम में बदली, डीजे वाहन ने कईयों को कुचला, एक की मौत,तीन गंभीर

 


अररिया 09 जुलाई(हि.स.)। जिले में फारबिसगंज के गोढ़ियारे में बीती रात डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद में डीजे चालक की पिटाई से उत्पन्न विवाद में डीजे संचालक द्वारा तेज अनियंत्रित गति से वाहन भगाने के क्रम में कई लोगों को कुचल डाला। जिससे वधु पक्ष के एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग बुरी तरह जख्मी हो गए।

डीजे गाड़ी के चपेट में कई बाराती लोग भी आए,जो घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया। वहीं मृतक 20 वर्षीय मिट्ठू कुमार राय पिता अनिल कुमार राय की नाजुक हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर करने के दौरान रास्ते में ही ले जाने के क्रम में मौत हो गई। घटना के बाद शादी का उत्सव मातम में छा गया।गंभीर रूप से घायलों में एक 12 साल का सुशांत कुमार,24 वर्षीय सुमन सागर और डीजे संचालक का भाई बबलू मंडल है।

मामले को लेकर मिली जानकारी के अनुसार,गोढ़ियारे चौक वार्ड संख्या 20 निवासी राजकुमार राय की बेटी की शादी सुपौल जिला के सिमराही बाजार वार्ड संख्या 12 निवासी ललन दास के पुत्र विकास कुमार से तय हुई थी। बारात देर रात फारबिसगंज पहुंची।दरवाजा लगने से पहले डीजे पर गाना बजाया जा रहा था और लोग नाचते झूमते दरवाजे पर पहुंचने ही वाले थे कि डीजे पर मनमुताबिक गाना बजाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। जिसके बाद किसी ने डीजे गाड़ी की चालक की पिटाई कर दी।

डीजे चालक गाड़ी लेकर तेज गति से भागने लगा। जिसके चपेट बाराती और सराती दोनों पक्ष के लोग आ गए। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना को कारित करने वाले दिन गाड़ी का चालक सुनील कुमार गाड़ी लेकर फरार हो गया है। अस्पताल में चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार डीजे चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।मृतक दो भाई और दो बहन में सबसे छोटा था।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर