अनियंत्रित तेज कार ने ई रिक्शा को मारी टक्कर,पति-पत्नी गंभीर रूप से जख्मी

 




अररिया 29 नवम्बर(हि.स.)। जिले के रानीगंज फारबिसगंज-मुख्य मार्ग में हरिपुर लुटिया पुल के पास रविवार को अनियंत्रित तेज कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ई रिक्शा सड़क से नीचे गड्ढे में पलट गया और उसमें सवार चालक सदानंद मेहता और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों टेढ़ी मुशहरी गांव के रहने वाले हैं।

सदानंद मेहता पत्नी के साथ सिटी पर गोभी और अन्य हरी सब्जियां लादकर फारबिसगंज में बेचने जा रहा था।इसी दौरान सामने से आ रही कार बीआर 38एजी 1531 से उनकी ई रिक्शा टकरा गई। पति-पत्नी सड़क पर गिर गए और सब्जियां भी सड़क पर बिखर गईं।

मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने दोनों को फारबिसगंज अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया है।

परिजनों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर चिंता जताई।वहीं हादसे के बाद भाग रहे कार और उसके चालक को घटनास्थल से करीबन तीन किलोमीटर की दूरी पर ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देते हुए कार सहित वाहन चालक को पुलिस को सौंप दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर