नप की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में विकास योजनाओं के कार्यान्वयन पर बल
अररिया 06 मई(हि.स.)। फारबिसगंज नगर परिषद के मुख्य पार्षद वीणा देवी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में बुधवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से चार एजेंडों पर विचार विमर्श किया गया और नगर के समग्र विकास को गति देने तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य पार्षद वीणा देवी ने बताया कि बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नगर के सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुसार छोटी-छोटी विकास योजनाओं को विभागीय स्तर से शीघ्र कराया जाएगा, ताकि स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही गत बैठक में में योजनाओं पर किए गए चर्चा को लेकर उनकी प्रगति की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को उन्हें जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपमुख्य पार्षद नूतन भारती,स्थायी समिति के सदस्य मो. इस्लाम, मनोज सिंह, गणेश गुप्ता,प्रभारी प्रधान सहायक कामख्या नारायण सिंह उर्फ कुन्दन सिंह,सिटी मैनेजर शशि आनंद सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर