आरएसएस ने उल्लासपूर्वक मनाया प्रथम उत्सव वर्ष प्रतिपदा

 


अररिया 22 मार्च(हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छह उत्सवों में से प्रथम उत्सव वर्ष प्रतिपदा रविवार को फारबिसगंज नगर में हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने भारत माता का पूजन कर संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्ण गणवेश में सुसज्जित स्वयंसेवकों ने घोष वादन के ताल पर नगर के विभिन्न मार्गों से अनुशासित पथ संचलन किया। संचलन के माध्यम से नगरवासियों को हिंदू नववर्ष विक्रम संवत् के आगमन की शुभकामनाएं दी गईं, जिससे वातावरण में सांस्कृतिक चेतना और उत्सव का भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तर बिहार के सह प्रांत प्रचारक प्रवीर जी ने अपने उद्बोधन में वर्ष प्रतिपदा, अर्थात चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के विशेष महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसी पावन तिथि को ब्रह्मा जी द्वारा सृष्टि की रचना की गई मानी जाती है। इसके साथ ही महाभारत कालीन सम्राट युधिष्ठिर का राज्याभिषेक तथा भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक प्रसंग भी इसी दिन से जुड़े हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी का जन्मोत्सव भी इसी दिन मनाया जाता है, जिससे इस तिथि का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।

कार्यक्रम में संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पंच परिवर्तन विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवनशैली, पारिवारिक मूल्य एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता पर विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक सच्चिदानंद मेहता, पूर्णिया विभाग के सह विभाग कार्यवाह वीरेंद्र मेहता, जिला कार्यवाह ओम प्रकाश शर्मा, नगर कार्यवाह मंजीत मिश्रा समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों एवं नगरवासियों की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर