हनुमान जन्मोत्सव पर जगन्नाथपुरी के तर्ज पर सजा दरबार,भजन कार्यक्रम आयोजित

 




अररिया 02 अप्रैल(हि.स.)।

श्री बालाजी भजन मंडली की ओर से श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर फारबिसगंज के श्री विष्णु यज्ञ परिसर में 32 वां श्री हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया।मौके पर श्रीबालाजी का अलौकिक श्रृंगार,संजीव झांकी,फूलों से सजा जगन्नाथ पुरी के तर्ज पर बना दरबार भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुंदर कांड पाठ एवं गायक निर्मल निराला द्वारा गणेश वंदना से किया गया। इसके बाद बाबा के जयकारों के साथ हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ के साथ भजनों की शुरुआत की गई।

वही स्थानीय गायक रामकुमार केशरी,सीताराम चौधरी,सुमन ठाकुर, निर्मल सेठिया,मेघराज बोठरा,प्रिया कुमारी,जीत जितेंद्र, आदि के द्वारा एक से बढ़ कर एक भजनों की प्रस्तुति से माहौल भक्तिमय हो गया।

इसके बाद आमंत्रित भजन गायक झारखंड के गिरिडीह से आकाश परिचय एवं कलकत्ता से राधा रानी की टीम ने बाबा बजरंग बली के एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किये एवं कोलकाता की नृत्य नाटिका मंगलमूर्ति ग्रुप की टीम द्वारा संजीव झांकी भक्तो के बीच आकर्षक का केंद्र बनी रही।

वहीं आकाश परिचय द्वारा प्रस्तुत भजन राम आये है तो आज अंगना सजाये है...पर भक्त जमकर झूमे। वहीं भजन लहर-लहर लहराये रे झंडा बजरंग बली का... से माहौल पूरी तरह से भक्तिमय हो गया।

वहीं भजन गायिका राधा रानी के भजनों पर दिलशाद म्युजिकल ग्रुप एवं कोलकाता की मंगलमूर्ति ग्रुप की टीम ने नरसिंह अवतार,कृष्ण-सत्यभामा के साथ-साथ बाबा बजरंग बली की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान ललित भगत एवं उनकी धर्मपत्नी ने संयुक्त रूप से अखंड ज्योति व दीप प्रज्वलित किया गया। कार्यक्रम में बाबा बजरंग बली को 56 भोग एवं सवामणी का महाप्रसाद चढ़ाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर