रामनवमी रथ यात्रा को लेकर फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने का दावा

 




अररिया 25 मार्च(हि.स.)। रामनवमी महोत्सव एवं रथ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।बुधवार को फारबिसगंज थाना से एक रामनवमी रथ यात्रा में विधि व्यवस्था संचालन और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर फ्लैग मार्च निकाला गया, जो पूरे शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः थाना परिसर में आकर समाप्त हुआ।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार साहा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बीडीओ संजय कुमार, थाना अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह, निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कृष्णा सहित एसएसबी एवं बिहार पुलिस के बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे।

फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का विशेष निरीक्षण किया और आम लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रामनवमी के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन द्वारा रथ यात्रा के मार्गों पर विशेष निगरानी, ड्रोन कैमरे से नजर, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था एवं जगह-जगह दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती करने की बात कही। जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया गया है।

अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर