पूजा पंडालों में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़,महाभोग प्रसाद का हुआ वितरण

 






अररिया 20 अक्टूबर(हि.स.)। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को मां दुर्गा के पूजा अर्चना के लिए विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।दोपहर बाद विभिन्न पूजा पंडालों में मां भगवती को खिचड़ी का महाभोग चढ़ाया गया,जिसके बाद उसे प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।महाभोग का प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालु प्रसाद लेकर घर भी लेकर गए,जहां नवरात्रि में फलाहार पर रह रहे भक्तों ने महाभोग का प्रसाद ग्रहण करने के बाद दस दिनों के अपने तपस्या और साधना को खत्म किया।

अररिया शहर के विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों में सुबह से ही भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा।वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना से पूरा शहर मां भगवती की आराधना में डूबा रहा।फारबिसगंज के श्री गोदना ठाकुरबाड़ी,लक्ष्मी नारायण मारवाड़ी दुर्गा मंदिर,काली मंदिर बंगाली टोला,पुस्तकालय,सुल्तान पोखर,मार्केटिंग यार्ड,चौहान टोला,हाई स्कूल रोड, बड़ा शिवालय मंदिर, गोढ़ीहारे चौक,छुआपट्टी,खोखा बाबू का गोला,मां अम्बे अर्चना मंदिर, काली मेला दुर्गा मंदिर, भट्टावाड़ी सहित अन्य पूजा पंडालों में मां के भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं ढोलबज्जा,खैरखा दुर्गा मंदिर,सिमराहा दुर्गा मंदिर सहित अन्य कई मंदिरों में मन्नत पूरा होने पर पशुओं की बलि प्रदान कर प्रसाद का वितरण किया गया।

अररिया जिला प्रशासन की ओर से पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।पूजा पंडालों के साथ साथ विभिन्न चौक चौराहों,भीड़ भाड़ वाले इलाके,मुख्य बाजार गली मुहल्लों में भारी संख्या में पुलिस अधिकारियों और बलों के साथ बीएमपी और एसएसबी के जवानों को विधि व्यवस्था संधारण को लेकर लगाया गया है।साथ ही 268 से अधिक स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बलों की तैनाती की गई।भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी किया गया था,जिसके पालन के लिए ट्रैफिक डीएसपी समेत अन्य अधिकारी सुबह से ही मुस्तैद दिखे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर