खेल स्टेडियम निर्माण की नवाचारी पहल पर डीएम स्कॉच अवॉर्ड से सम्मानित
अररिया, 29 मार्च(हि.स.)। गया जिले में मनरेगा के माध्यम से खेल स्टेडियम निर्माण की अभिनव एवं सराहनीय पहल के लिए तत्कालीन उप विकास आयुक्त, गया एवं वर्तमान अररिया जिलाधिकारी विनोद दूहन को प्रतिष्ठित स्कॉच अवॉर्ड से नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया गया। यह पहल उनके गया जिले में पदस्थापन के दौरान की गई थी, जिसे अब राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना मिल रही है।
उक्त योजना के अंतर्गत प्रत्येक पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के माध्यम से खेलों के आधारभूत ढांचे का सृजन किया गया। गया जिले में इस अभियान को जन-जन से जोड़ने के लिए मगही बोली में खेलबे करतई गया जैसी प्रभावी स्थानीय टैगलाइन का उपयोग किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
मनरेगा योजना में रखरखाव की औपचारिक व्यवस्था नहीं होने के कारण, इन खेल स्टेडियमों को समीपवर्ती विद्यालयों से जोड़ दिया गया है, ताकि उनके रखरखाव की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्कूल फंड के माध्यम से सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, इन स्टेडियमों का उपयोग प्रातः एवं सायं समय में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भी किया जा रहा है।
आईएएस विनोद दूहन के द्वारा शुरू की गई ये पहल राज्य ही नहीं वरन देश के लिए प्रथम है। उनकी दूरदर्शी सोच एवं प्रभावी नेतृत्व के फलस्वरूप अब बिहार के प्रत्येक पंचायत में खेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
यह पहल एक मौन क्रांति के रूप में उभरकर सामने आई है, जो खेल, रोजगार एवं ग्रामीण विकास को एक साथ समाहित करते हुए बिहार को एक नई दिशा प्रदान कर रही है।तत्कालीन उपविकास आयुक्त गया सह वर्तमान जिला पदाधिकारी अररिया के इसी दूरदर्शी एवं नवाचारी सोच का परिणाम है कि अररिया जिले में भी 181 खेल स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर