बिहार विधान परिषद कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन को लेकर डीएम एसपी ने दिये निर्देश
अररिया 22 अक्टूबर(हि.स.)।बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार की संयुक्त उपस्थिति में मतदान से संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में मतदान पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी पदाधिकारियों को पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा किसी भी राजनीतिक दल, प्रत्याशी अथवा अभ्यर्थी के पक्ष या विपक्ष में व्यवहार नहीं करने को कहा गया।
मतदान की तिथि, समय एवं निष्पक्षता पर विशेष जोर कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान शुक्रवार को पूर्वाह्न आठ बजे से अपराह्न चार बजे तक निर्धारित है।
सभी पीठासीन पदाधिकारियों को प्रो एप पर पंजीकरण करने, समय-समय पर आवश्यक जानकारी अपडेट करने तथा प्रशिक्षण सत्र में दिए गए निर्देशों एवं पीठासीन पदाधिकारी की पुस्तिका के अनुरूप कार्य करने को कहा गया। मतदान दल के सभी सदस्यों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। किसी भी समस्या अथवा असमंजस की स्थिति में स्वयं नियम-विरुद्ध निर्णय लेने के बजाय संबंधित वरीय पदाधिकारी अथवा जिला स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक से संपर्क करने को कहा गया।
निर्देश दिया गया कि पोलिंग पार्टी, माइक्रो ऑब्जर्वर एवं वीडियोग्राफर मतदान प्रारंभ होने से पूर्व निर्धारित मतदान केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। मतदान समाप्ति के उपरांत माइक्रो ऑब्जर्वर, पीठासीन पदाधिकारी एवं वीडियोग्राफर बिना अनावश्यक विलंब के पुलिस बल की सुरक्षा में एक साथ पूर्णिया स्थित संग्रहण केंद्र पहुंचेंगे। माइक्रो ऑब्जर्वर निर्धारित प्रपत्र में अपनी रिपोर्ट कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के ऑब्जर्वर को समर्पित करेंगे। मतदान सामग्री एवं पोल्ड बैलेट संग्रहण केंद्र पर जमा करने के पश्चात ही संबंधित मतदान दल पुलिस बल के साथ अपने जिला मुख्यालय वापस लौटेंगे।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। मतदान के दिन किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06453- 222309 जारी किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर