मल्टी लेवल पार्किंग हेतु स्थलों की पहचान एवं ऑटो, रिक्शा, ई-रिक्शा के रूट निर्धारण करने के निर्देश
अररिया 08 अप्रैल(हि.स.)।
डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कई ठोस एवं प्रभावी निर्देश दिए गए।
हिट एंड रन मामलों की थानावार समीक्षा के क्रम में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही हिट एंड रन एवं नॉन-हिट एंड रन दुर्घटनाओं में मुआवजा प्रदान करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं त्वरित बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ड्राइविंग लाइसेंस कैंसिलेशन एवं सस्पेंशन से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि लोगों में कानून के प्रति जागरूकता एवं अनुशासन बढ़े।शहरी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा से जुड़े मानकों के अनुपालन को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
जिले में बढ़ती दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हेतु ओवर स्पीडिंग ड्राइव को और अधिक प्रभावी बनाने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा स्पीड नियंत्रण के उपायों को सख्ती से लागू करने पर बल दिया गया।
ब्लैक स्पॉट की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि इन स्थलों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रोड मार्किंग, चेतावनी संकेतक आदि आवश्यक सुधारात्मक उपाय शीघ्र सुनिश्चित किए जाएं। जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी भी स्टेकहोल्डर को अन्य स्थानों पर भी अधिक दुर्घटनाएं होने की जानकारी हो, तो उसका प्रस्ताव जिला परिवहन पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं, ताकि उसे भी चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।पेट्रोल पंपों पर मूलभूत सुविधाओं जैसे शौचालय, पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया, जिससे यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में राह-वीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया गया, ताकि आम नागरिक दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं और गोल्डन ऑवर में समय पर सहायता सुनिश्चित हो सके।
शहरी यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को निर्देशित किया कि भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में मल्टी लेवल पार्किंग हेतु उपयुक्त स्थलों की पहचान की जाए।
इसके साथ ही ऑटो स्टैंड, रिक्शा स्टैंड एवं ई-रिक्शा के रूट निर्धारण करने के निर्देश दिए गए, ताकि शहर में यातायात का दबाव कम हो और आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सके।साथ ही सड़क किनारे अनियंत्रित रूप से संचालित होने वाले ठेला, रिक्शा, रेहड़ी एवं पटरी दुकानदारों के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर व्यवस्थित बाजार विकसित करने का निर्देश दिया गया, जिससे यातायात बाधित न हो और आमजन को भी सुविधा मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर