डीएम के आदेश पर 211 पंचायतों के पीडीएस दुकानों की जांच

 


अररिया, 21 अप्रैल(हि.स.)।

डीएम विनोद दूहन के निर्देश पर जिले के सभी 211 पंचायतों की जन वितरण प्रणाली दुकानों की मंगलवार से जांच शुरू की गई। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा लाभुकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना है।

संबंधित पदाधिकारी को अपने-अपने आवंटित पंचायतों में संचालित जन वितरण प्रणाली दुकानों का निरीक्षण कर निर्धारित प्रपत्र के अनुसार विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है।निरीक्षण के दौरान दुकान की नियमितता, स्टॉक की उपलब्धता, मूल्य सूची का प्रदर्शन, लाभुकों को खाद्यान्न वितरण की स्थिति, ई पॉश मशीन की कार्यप्रणाली सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि दुकानदार द्वारा निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे जांच कार्य को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट जिला आपूर्ति शाखा को उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जन वितरण विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस व्यापक जांच अभियान से जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर