डीएम ने की मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा

 


अररिया 10 अप्रैल(हि.स.)। जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक शुक्रवार को कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि अररिया जिले के लिए कुल 30,980 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके तहत जिले के 211 ग्राम पंचायतों के 2,887 वार्डों में प्रत्येक वार्ड में 10-10 स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्देश है।

योजना को चार चरणों में पूरा किया जाना था, जिसमें से तीन चरणों का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है। चौथे चरण में 5,890 स्ट्रीट लाइट के विस्थापन का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें अब तक 3,580 स्ट्रीट लाइट का विस्थापन किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य अभी लंबित है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शेष स्ट्रीट लाइटों का अधिष्ठापन शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन एजेंसियों द्वारा कार्य में विलंब किया जा रहा है, उनके विरुद्ध एग्रीमेंट शर्तों के प्रावधान के तहत पेनल्टी निर्धारित की जाए। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर