डीएम के जनता दरबार में 40 फरियादियों की सुनी गई फरियाद
अररिया 24 नवम्बर(हि.स.)। समाहरणालय स्थित परमान सभागार में आयोजित जनता दरबार में डीएम विनोद दूहन ने 40 फरियादियों की फरियाद सुनी।जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए। जिलाधिकारी ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में महलगांव, जोकीहाट निवासी श्री विनोद कुमार एवं अन्य ने नल-जल योजना के ऑपरेटर का मानदेय भुगतान नहीं होने की शिकायत की। वहीं पलासी के सोहनदर निवासी सुकेश्वर मांझी ने बासगीत पर्चा से प्राप्त भूमि से बेदखल किए जाने के संबंध में आवेदन दिया।भरगामा के धनेश्वरीनिवासी गुंजन देवी ने आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। अररिया आरएस निवासी दीपक कुमार ने एमजीएस हाई स्कूल के खेल मैदान की मापी, साफ-सफाई एवं अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।इसी प्रकार काली बाजार, वार्ड संख्या-14 निवासी आशा कुमारी ने अपनी निजी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा पकड़ी निवासी सोनी कुमारी ने दिवंगत डाटा ऑपरेटर के बकाया मानदेय का भुगतान कराने का अनुरोध किया।अन्य मेंभी अपनी समस्याएं डीएम के समक्ष रखी।
जिलाधिकारी विनोद दूहन ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर