जनता दरबार में 86 मामलों पर डीएम ने की सुनवाई
अररिया 05 अक्टूबर(हि.स.)। डीएम विनोद दूहन ने जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्र से आए 86 फरियादियों की फरियाद पर सुनवाई की। समाहरणालय स्थित परमान सभागार में आयाेजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन डीएम के समक्ष प्रस्तुत किए।
डीएम ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच करते हुए समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में खरैया बस्ती निवासी रानी देवी ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित समस्या रखी। वहीं मेरीगंज, रानीगंज निवासी सियाराम पासवान ने सेवानिवृत्त चौकीदारों को एसीपी एवं एमएसपी का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की।
फारबिसगंज निवासी मोहम्मद शमीम अहमद एवं अन्य ने निजी भूमि पर नगर परिषद द्वारा गंदा पानी बहाए जाने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने की शिकायत की। मटियारी, जोकीहाट निवासी दयानंद पासवान ने भूमि को रोक सूची से हटाने तथा मुजीबुर रहमान ने अंचल अधिकारी द्वारा दाखिल-खारिज नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। रानीगंज निवासी जीतन मंडल ने मजदूरी की बकाया राशि का भुगतान नहीं किए जाने की समस्या रखी।खैरखां निवासी अजय मंडल ने सड़क दुर्घटना में मृत्यु के उपरांत अनुग्रह अनुदान की राशि नहीं मिलने की शिकायत की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर