डीएम के जनता दरबार में 65 मामलों पर की गई सुनवाई

 


अररिया 23 सितम्बर(हि.स.)।समाहरणालय स्थित परमान सभागार में डीएम विनोद दूहन के जनता दरबार में आज 65 फरियादियों के फरियाद पर सुनवाई की गई।डीएम ने प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए।

जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में पलासी निवासी कृष्ण कुमार एवं अब्दुल करीम द्वारा शिक्षा विभाग में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। वहीं नगर परिषद के शिवपुरी निवासी श्यामानंद झा ने भूमि को रोक सूची से मुक्त करने के संबंध में आवेदन दिया।

भरगामा के विषहरी निवासी मोहम्मद हदीस ने खरीदी गई जमीन पर विपक्षियों द्वारा जबरन नल-जल योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण कराए जाने की शिकायत की। अररिया के कमलदाहा निवासी शिवचंद शाह एवं अन्य ने सामूहिक रास्ता खोलने की मांग से संबंधित आवेदन दिया।इसी प्रकार नगर परिषद अररिया निवासी अनीता देवी ने पारिवारिक पेंशन का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। सुपौल निवासी भुवनेश्वर प्रसाद यादव ने अंचल अधिकारी, नरपतगंज द्वारा नकल उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं कुर्साकांटा निवासी उमा देवी ने अंचलाधिकारी द्वारा नियम विरुद्ध बासगीत पर्चा दिए जाने की शिकायत से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया।

इसके अलावा जनता दरबार में मोहम्मद इलियास, सिकंदर रजक, उमा देवी, रहमती खातून, नरेश यादव, सुनील महतो, सपना कुमारी, मीना देवी सहित अन्य फरियादियों ने भी बारी-बारी से अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर