डीएम का आरटीपीएस के कार्यों की समीक्षा, लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

 


अररिया 06 अप्रैल(हि.स.)।डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में सोमवार को कार्यालय कक्ष से सभी अंचल अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आरटीपीएस के कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में जाति, आवासीय, आय, राशन कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना हेतु ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों, विस्तार से समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि काउंटर पर जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन की संख्या बढ़ाया जाय। इस हेतु काउंटर पर लोगों को आवेदन करने संबंधी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। सभी काउंटरों के कार्यपालक सहायकों का जन परिचय आईडी एक्टिवेट करने का निर्देश दिया गया।

ऑनलाइन सर्विस प्लस पोर्टल के तहत जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित आवेदन यथा शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। राशन कार्ड की ऑनलाइन सेवा की समीक्षा में पाया गया कि एमओ स्तर पर अररिया, भरगामा, पलासी एवं रानीगंज सहित कई प्रखंडों में आवेदन लंबित है। जिसे अविलंब निष्पादित करने निर्देश दिया गया।

मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के अंतर्गत सीडीपीओ स्तर पर लंबित मामले को प्राथमिकता से निष्पादित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि पंचायतों में भी आरटीपीएस केंद्रों का सुचारू रूप से संचालन किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जाति निवास, आय एवं अन्य आवेदन प्राप्त किया जा सके।

जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आम जनता को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर