ग्रामीण पथों के रखरखाव में लापरवाही,डीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
अररिया 04 सितम्बर(हि.स.)।
डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित आत्मन सभागार में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्य प्रमंडल अररिया एवं फारबिसगंज के अंतर्गत पंचवर्षीय अनुरक्षण अवधि वाले सभी पथों एवं पुलों के रखरखाव को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में दोनों कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने अनुरक्षण अवधि के अधीन पथों एवं पुलों के रखरखाव में शिथिलता पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि अनुरक्षण अवधि के दौरान पथों एवं पुलों का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण रखरखाव संबंधित विभाग एवं संवेदक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने ग्रामीण पथों की जांच के दौरान असंतोषजनक स्थिति पाए जाने पर संबंधित कार्यपालक अभियंता से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया।उन्होंने स्पष्ट कहा कि पथों का अनुरक्षण कार्य ससमय पूरा नहीं करने अथवा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी अनुरक्षणाधीन पथों एवं पुलों की नियमित निगरानी करते हुए उनकी स्थिति बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर