डीएम ने किया रूफटॉप सोलर प्लांट का निरीक्षण,आमजनों से सौर ऊर्जा अपनाने की अपील
अररिया 05 जून(हि.स.)।
डीएम विनोद दूहन द्वारा शुक्रवार को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत शहर में स्थापित रूफटॉप सोलर पावर प्लांट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सोलर प्लांट की कार्यप्रणाली एवं उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी प्राप्त की तथा वहां मौजूद उपभोक्ताओं से संवाद कर उन्हें अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर उन्होंने जिलेवासियों से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की। जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घर के छतों पर सोलर पैनल लगाने पर 1 किलोवाट पर 30 हजार की सब्सिडी, 2 किलोवाट पर 78 हजार तधा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल पैनल लगाने पर 78 हजार की सब्सिडी भारत सरकार के द्वारा दी जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सोलर पैनल स्थापना के लिए विभिन्न बैंकों के माध्यम से कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है। ऐसे में घरेलू उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कर सकते हैं तथा सरकारी अनुदान का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बलबीर दास, डीआरडीए निदेशक सौरभ कुमार, वरीय उपसमाहर्ता चंद्रशेखर यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शम्भू कुमार रजक, सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण सुबोध कुमार तथा विद्युत कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर