सहयोग शिविर का निरीक्षण कर डीएम ने त्वरित समाधान का लिया जायजा

 


अररिया 05 अगस्त(हि.स.)। जिले में विभिन्न पंचायतों और नगर निकाय क्षेत्रों में जन शिकायतों के निवारण को लेकर बुधवार को सहयोग शिविर लगाया गया।जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपना आवेदन देकर सहयोग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसी क्रम में डीएम विनोद दूहन ने नगर परिषद अररिया क्षेत्र अंतर्गत मिडिल स्कूल, जयप्रकाश नगर, वार्ड संख्या 07 तथा हाई स्कूल अररिया वार्ड संख्या 23 में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय हो कि आमजनों को स्थानीय स्तर पर ही अपनी समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाता है।लेकिन चेहल्लुम के कारण सरकारी अवकाश रहने के कारण आज बुधवार को यह आयोजित किया गया।

शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का सहयोग पोर्टल पर पंजीकरण किया गया, जिससे शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होने के साथ-साथ मामलों की प्रगति की निगरानी और त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर