डीएम ने निरीक्षण के बाद उपभोक्ताओं के शिकायतों का त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

 


अररिया, 31 मार्च(हि.स.)। डीएम विनोद दूहन द्वारा मंगलवार को गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की स्थिति की गहन समीक्षा की तथा संबंधित प्रतिनियुक्त अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और शिकायतों का समयबद्ध निवारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।नियंत्रण कक्ष में 17 मार्च से 31 मार्च 2026 के बीच कुल 212 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें 166 शिकायतों का सफलतापूर्वक निवारण कर दिया गया है, जबकि शेष 46 शिकायतों को संबंधित गैस एजेंसियों के एरिया मैनेजर को भेजते हुए उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं जिला आपूर्ति कार्यालय अररिया द्वारा बताया गया कि जिले की 38 गैस एजेंसियों पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एजेंसियों में रसोई गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं स्टॉक की स्थिति की जांच की गई। इस क्रम में सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर