डीएम ने दत्तक ग्रहण के तहत बच्ची को केरल की एक दंपत्ति को किया सुपुर्द

 


अररिया, 19 मई(हि.स.)।

डीएम विनोद दूहन द्वारा मंगलवार को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में आवासित रही एक बच्ची को अंतिम दत्तक ग्रहण प्रक्रिया के तहत केरल की एक दंपति को सुपुर्द किया गया।

इस अवसर पर डीएम ने कहा कि दत्तक ग्रहण बच्चों के सुरक्षित पुनर्वास एवं उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे बच्चों को पारिवारिक वातावरण एवं बेहतर जीवन का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा निरंतर इस दिशा में कार्य करते हुए अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों को बेहतर भविष्य प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।

सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई शम्भू कुमार रजक द्वारा बताया गया कि सभी प्रक्रिया को नियमानुसार पूर्ण करने के उपरांत बच्ची को अंतिम दत्तक ग्रहण प्रक्रिया के तहत दंपति को सौंपा गया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी संस्थान के माध्यम से दो बच्चियों को बेंगलुरु के अलग-अलग दंपतियों को गोद दिया गया था। वहीं, बच्ची को गोद लेने आए दंपति ने खुशी और संतोष व्यक्त करते हुए संस्थान एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर