डीएलसीसी की बैठक में डीएम के तल्ख तेवर, अनुपस्थित बैंक के शाखा प्रबंधक पर कार्रवाई के साथ कार्यप्रणाली में सुधार के दिए निर्देश
अररिया 08 जून(हि.स.)। समाहरणालय स्थित परमान सभागार में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में डीएम विनोद दूहन के तल्ख तेवर रहे।
बैठक में अनुपस्थित यूनियन बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक के अनुपस्थिति पर कार्रवाई के लिए अनुशंसा करते वरीय अधिकारियों को पत्र निर्गत का निर्देश दिया। साथ ही डीएम ने बैंक प्रतिनिधियों को कार्यप्रणाली में सुधार और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में वरीय उप समाहर्ता बैंकिंग, अग्रणी जिला प्रबंधक सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न बैंकिंग योजनाओं एवं ऋण वितरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कृषि क्षेत्र में किसानों को ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित किसान क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में लगभग 1.78 लाख फॉर्मल रजिस्ट्री किसानों केसीसी से आच्छादित किया जाना है। पशुपालन आहार हेतु 32 हजार प्रति पशु केसीसी दिया जा सकता है। सभी बैंकों को केसीसी ऋण हेतु विशेष प्रयास किए जाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से भारतीय ओवरसीज बैंक द्वारा केसीसी आवेदनों के निष्पादन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर सुधारात्मक कार्रवाई हेतु सख्त निर्देश दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी बैंकों को वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन बैंक शाखाओं द्वारा अब तक लक्ष्य के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध उच्च अधिकारियों को कार्रवाई हेतु पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर