नशा तस्करी रोकने को लेकर प्रशासन सख्त,नशे के अवैध कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम
अररिया 30 जुलाई(हि.स.)।
डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर की जिला स्तरीय बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम, सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी, अवैध कारोबार के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई तथा जनजागरूकता अभियान को और सशक्त बनाने को लेकर समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान डीएम द्वारा ड्रग इंस्पेक्टर को एसएसबी, पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग से समन्वय स्थापित कर औषधि दुकानों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया।अधीक्षक मद्य निषेध को एसएसबी द्वारा चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने एसएसबी एवं पुलिस विभाग को सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सघन अभियान चलाने, गिरफ्तारी एवं जब्ती की कार्रवाई तेज करने तथा इस कारोबार से जुड़े मुख्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कृषि से संबंधित किसी भी प्रकार के संदिग्ध अथवा अवैध भंडारण पर विशेष निगरानी रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर एसएसबी एवं पुलिस का सहयोग लें।
इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग, मद्य निषेध विभाग, एसएसबी, आईबी सहित सभी संबंधित एजेंसियों को नशा मुक्ति एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में समयबद्ध अनुसंधान कर न्यायालय में शीघ्र आरोप पत्र समर्पित करने पर भी बल दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी समेत सुरक्षा से जुड़ी एजेंसी के अधिकारी शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर