जिला पशु क्रूरता निवारण समिति के सदस्य के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता राकेश रौशन का चयन
अररिया 30 अक्टूबर(हि.स.)। अररिया जिला पशु क्रूरता निवारण समिति के सदस्य के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता राकेश रौशन का चयन किया गया है।समिति के सदस्य के रूप में मनोनयन का पत्र जिला प्रशासन के द्वारा राकेश रौशन को प्रेषित की गई है।
उल्लेखनीय है कि जिला पशु क्रूरता निवारण समिति का मुख्य उद्देश्य पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के प्रावधानों को जिले में प्रभावी ढंग से लागू कराने में सहयोग करना तथा बेजुबान पशुओं को अनावश्यक पीड़ा, प्रताड़ना और अमानवीय व्यवहार से बचाना है।
समिति के माध्यम से पशुओं के साथ क्रूरता की घटनाओं पर रोक लगाने, घायल एवं बेसहारा पशुओं के बचाव और उपचार, पशु आश्रय स्थलों की व्यवस्था,अवैध पशु तस्करी पर निगरानी तथा पशु परिवहन के नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाते हैं। इसके साथ ही आम लोगों के बीच पशु प्रेम, दया, करुणा और संवेदनशीलता की भावना विकसित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाना भी समिति के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
राकेश रौशन के चयन को जिले में पशु कल्याण एवं संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उम्मीद है कि उनके सक्रिय सहयोग से पशुओं के प्रति होने वाली क्रूरता की घटनाओं पर अंकुश लगाने, पीड़ित पशुओं को सहायता उपलब्ध कराने तथा आम नागरिकों को पशु संरक्षण के प्रति जागरूक करने में समिति को मजबूती मिलेगी।
राकेश रौशन ने इस जिम्मेदारी के लिए जिला प्रशासन एवं जिला पशुपालन पदाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेजुबान पशुओं की सेवा, सुरक्षा और उनके प्रति मानवीय संवेदना विकसित करना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर